शिमलाः हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ होने के बावजूद प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। इस बीच राज्य के 7 शहरों का न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंच गया है। यही नहीं, अगले 3 दिन तक ठंड से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं।
माइनस में 7 शहरों का न्यूनतम तापमान
शुक्रवार रात को प्रदेश के 7 शहरों का न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज हुआ। मैदानी जिलों में धुंध पड़ने से विजिविलिटी कम हो गई है। शिमला, चंबा, किन्नौर, लाहौल और सोलन में ठंडी हवाओें ने परेशानियों को और अधिक बढ़ा दिया है। सबसे कम तापमान लाहौल-स्पीति जिला के केलंग में है, यहां का न्यूनतम तापमान माइनस 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
प्रदेश में कुल 30 सड़कें बंद
वहीं, हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में हुई बर्फबारी से कई क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में कुल 30 सड़कें बंद हैं। इनमें 28 सड़कें अकेले लाहुल-स्पीति जिला में बंद हैं।
शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी
लेकिन प्रदेश के 5 जिलों में अब शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। इनमें राजधानी शिमला, चंबा, सोलन, किन्नौर, लाहुल-स्पीति जिला शामिल है। जबकि अगले 3 दिन तक ठंड से राहत के आसार नहीं हैं। बर्फबारी के कारण जलोड़ी दर्रा बंद हो गया है आनी और निरमंड का कुल्लू मुख्यालय से संपर्क कट गया है। शनिवार को लाहौल-स्पीति में 28 और मंडी जिला में 25 सड़कों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।







