धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) का अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम फिर से अंतर्राष्ट्रीय मैचों की मेजबानी करता हुआ नजर आएगा। यह जानकारी बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने दी। उन्होंने कहा कि 15 मार्च 2022 को धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में भारत-श्रीलंका के बीच T20 मैच खेला जाएगा।
इसके लिये बाकायदा आज HPCA अध्यक्ष और बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष की अध्यक्षता में धर्मशाला के एचपीसीए हॉल में हुई सालाना बैठक में चर्चा की गई है। बैठक के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए BCCI के कोषाध्यक्ष और एचपीसीए के अध्यक्ष अरुण धूमल ने कहा कि इससे पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में दो मैच बारिश की वजह से वॉशआउट हो चुके हैं। लेकिन इस बार उम्माीद है कि इंद्रदेव कृपा बनाए रखेंगे।
बीसीसीआई के फ्यूचर प्लान के तहत एचपीसीए ने तैयारियां आरम्भ कर दी हैं। वहीं बीसीसीआई से मैच के आयोजन को लेकर जानकारी मिलने के बाद सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाएगा। शनिवार को एचपीसीए की अपेक्स काऊंसिल की इस वित्त वर्ष की तीसरी बैठक आयोजित की गई। इसमें काऊंसिल के सभी पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में घरेलू खिलाडियों की राशि में बढ़ोत्तरी की गई है। बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने एचपीसीए की AGM बैठक के बारे में भी जानकारी देते हुए कहा कि बैठक में वार्षिक लेखा-जोखा रखा गया। टीम परफार्मेंस को कैसे और बेहतर किया जाए, साथ ही क्रिकेट एक्टिविटी पर भी चर्चा की गई है।

