शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एक बार फिर छात्र गुटों में खूनी संघर्ष देखने को मिला है। एसएफआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच पहले बहसबाजी हुई। जिसके दो छात्र संगठनों में भिड़ंत हो गयी। खूनी झड़प में दो छात्र घायल हुए हैं। छात्रों में भिड़ंत के बाद मौके पर काफी संख्या में पुलिस बल विश्वविद्यालय कैंपस में तैनात किया गया है। डीएसपी भी मौके पर पहुंचे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, एचपीयू के लॉ डिपार्टमेंट के बाहर यह खूनी झड़प हुई है। पुलिस ने बाद में एक छात्र गुट के कार्यकर्ताओं को लॉ डिपार्टमेंट में बंद कर दिया, ताकि झड़प को रोका जा सके। घटना में दोनों गुटों के एक-एक कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बालूगंज और समरहिल चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। परिसर में पुलिस बल बड़ा दिया गया है। दोनों छात्र संगठन एक-दूसरे को हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे है। घटना के बाद से परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







