शिमलाः सीएम जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने की हिमाचल प्रदेश कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। इसके अलावा अनुबंध कर्मचारियों को भी बढ़ा हुआ वेतनमान मिलेगा।
कर्मचारियों, पेंशनरों को 1 जनवरी से ये लाभ मिलेंगे। कैबिनेट ने जेसीसी बैठक में लिए गए फैसलों को हरीझंडी दे दी है। बैठक में नए वेतनमान के बारे में बनाए गए प्रारूप पर वित्त विभाग की ओर से एक विस्तृत प्रस्तुति दी गई।
करीब ढाई लाख कर्मचारियों के अलावा 1.90 लाख पेंशनरों को इसका लाभ होगा। एक जनवरी 2016 से कर्मचारियों को इसका लाभ दिया जाएगा। बैठक में प्रदेश की नई ऊर्जा नीति को मंजूरी मिली है। बैठक में करीब 53 एजेंडा पर चर्चा हुई है।
मंत्रिमंडल ने हिमाचल प्रदेश स्वर्ण जयंती योजना, 2021 को लागू करने को भी अपनी सहमति प्रदान की। इस योजना से ऐसे देय कर मामलों को भी उजागर किया जा सकेगा जिनका अभी तक आंकलन न किया गया हो तथा हिमाचल प्रदेश भू-राजस्व अधिनियम, 1954 के अन्तर्गत जिन मामलों में एरियर घोषित किया गया हो, उनका भी निपटारा किया जा सकेगा। इस योजना से ऐसे 1.68 लाख मामलों का निवारण किया जा सकेगा।
मंत्रिमंडल ने बिलासपुर जिला के श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र बस्सी को 15 बिस्तर के आयुर्वेदिक अस्पताल के रूप में स्तरोन्नत करने और इस अस्पताल में विभिन्न श्रेणियों के 12 पदों को भरने की स्वीकृति प्रदान की। लोगों की सुविधा के दृष्टिगत कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां के ठारू में नया पटवार वृत्त सृजित करने का भी निर्णय लिया।
बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग में निरीक्षक के तीन पद अनुबंध आधार पर सीधी भर्ती के माध्यम से भरने को भी स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने सिरमौर जिला के शिलाई विधानसभा क्षेत्र में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हलाहन का नाम शहीद कल्याण सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करने का भी निर्णय लिया।


