स्पेशल डेस्क : देश में ओमिक्रॉन के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली और महाराष्ट्र में क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है। नई पाबंदियों के अनुसार अब दिल्ली में किसी भी तरह के समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा।
बता दें, देश में अब तक ओमिक्रॉन के 228 मामले सामने आ चुके है। दिल्ली और महाराष्ट्र में अब तक सबसे ज्यादा केस आए हैं। ओमिक्रॉन की बढ़ते मामलों ने क्रिसमस और नए साल के जश्न पर भी ग्रहण लगा दिया है। केंद्र सरकार की ओर से राज्यों को बड़ी सभाओं और कार्यक्रमों को अनुमति न देने की सलाह दी गई है। वहीं, दिल्ली और मुंबई में कई पाबंदियां लगा दी गई हैं।
केंद्र ने राज्य सरकार को किया अलर्ट
ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने मंगलवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को चिट्ठी लिखी है। इसमें केंद्र ने राज्य सरकारों को अलर्ट किया है। केंद्र ने राज्य सरकारों से टेस्टिंग और वैक्सीनेशन बढ़ाने के अलावा नाइट कर्फ्यू लगाने, बड़ी सभाओं पर रोक लगाने जैसे कदम उठाने की सलाह दी गई है।
दिल्ली: 31 दिसंबर तक सभी कार्यक्रमों पर लगी रोक
दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने 31 दिसंबर तक कुछ प्रतिबंध लगाए हैं। इसके तहत किसी भी होटल, बार या रेस्टोरेंट में 50 फीसदी सिटिंग कैपिसेटी को अलाउ किया जाएगा। सभी तरह के राजनीतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और किसी भी जमावड़े पर रोक रहेगी।
फीका पड़ा क्रिसमस और न्यू ईयर का जश्न
दिल्ली सरकार ने क्रिसमस और न्यू ईयर के जश्न के आयोजन के लिए होने वाले सभी कार्यक्रमों पर रोक लगा दी है। दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने आदेश भी जारी कर दिया है।
जानिए मुंबई में किन-किन चीजों पर लगी पाबंदी
वहीं, मुंबई में भी न्यू ईयर और क्रिसमस सेलिब्रेशन को लेकर कई गाइडलाइन से जारी की गई है। पार्टी हॉल या स्पेस की क्षमता के मुताबिक 50 फीसदी लोगों को ही आने की इजाजत है। अगर किसी ओपन स्पेस में कोई प्रोग्राम हो रहा है तो वहां क्षमता के हिसाब से 25 फीसदी लोग ही आ सकते हैं।
हालांकि, अगर किसी ओपन स्पेस में 1 हजार से ज्यादा लोग आने वाले हैं तो पहले उसकी मंजूरी लेनी होगी। पब्लिक प्लेस में जाने की इजाजत सिर्फ उन्हीं लोगों को होगी जिन्हें वैक्सीन की दोनों डोज लगी होगी। फुली वैक्सीनेटेड ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट से आ-जा सकते हैं।


