धर्मशाला: कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने वैक्सीनेशन की धीमी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा है कि प्रदेश में अभी भी अधिकांश आबादी को दूसरा टीका नहीं लगा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कोरोना महामारी का दंश झेल रहा है। जब से महामारी आई है लोगों के आय के साधन खत्म हुए हैं। जिन परिवारों ने अपने परिवार जन खोए हैं उन्हें अभी तक उचित मुआवजा नहीं मिला है।
इसी बीच कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने लोगों की चिंताएं और बढ़ा दी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में वैक्सीनेशन का काम तेजी पर है, लेकिन प्रदेश में अभी भी हमारी अधिकांश आबादी को दूसरा टीका नहीं लगा है।
उन्होंने सरकार से पूछा कि बूस्टर डोज कब लगेगा ?
पिछले साल से अबतक कोरोना महामारी की वजह से लाखों लोगों की जान जा चुकी है। उसी के बाद देश की आबादी को कोरोना का टीका दिए जाने की मांग की गई थी। हाल ही में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मामले भी भारत में मिलने लगे हैं।
कोविड-19 के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन (Omicron) के देशभर में कुल 213 मामले हो गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 57 मामले दिल्ली में हैं। दिल्ली और महाराष्ट्र में आधे से अधिक संक्रमण के मामले दर्ज किए गए हैं। भारत ने आज कोरोना वायरस संक्रमणों में 18% की वृद्धि भी दर्ज की है। अब देश में कुल कोविड संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3.47 करोड़ हो गई है।
वहीं, भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के कुल 6,317 नए केस सामने आए है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को अभी से पुख्ता इंतजाम कर लेने चाहिए। खास तौर पर फ्रंट लाइन वारीयर्स को शीघ्र बूस्टर डोज दे देनी चाहिए। कड़े कदम समय रहते ना उठाए गए तो महामारी दोबारा फैल सकती है।


