मंडी: हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्राइवेट आपरेटरों को टैक्स में रियायत देने का बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। इन प्राइवेट ऑपरेटरों में निजी बस ऑपरेटर, स्कूल बस ऑपरेटर, टैक्सी, मैक्सी व ऑटो रिक्शा ऑपरेटर शामिल हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने निजी बस ऑपरेटरों को 91.12 करोड़ रुपये की बड़ी राहत दी है। टोकन टैक्स में 19.32 करोड़ रुपये, स्पेशल रोड टैक्स में 35.13 करोड़ रुपये, यात्री कर में 36.67 करोड़ रुपये की राहत प्रदान की गई है। मंडी में सीएम जयराम ने 1 अप्रैल 2020 से 30 नवंबर 2021 तक टैक्स माफ करने की घोषणा की।
जयराम ठाकुर ने कहा कि अब तक 164 करोड़ की ट्रांसपोर्ट सेक्टर को राहत दी गई है। इससे पहले 62 करोड़ की टैक्स छूट दी गई थी। वहीं, सीएम की घोषणा के बाद निजी बस ऑपरेटरों ने 27 दिसंबर को मंडी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के लिए बसें चलाने की हामी भर दी है।
उन्होंने कहा कि प्राइवेट ऑपरेटरों के द्वारा लंबे समय से इन टैक्सों में छूट देने की मांग की जा रही थी। उन्होंने कहा कि ऑपरेटरों की मांग को स्वीकार करते हुए प्रदेश सरकार ने कुल 164 करोड रूपए के टैक्स में छूट देने का फैसला लिया है। निजी बस ऑपरेटर संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजेश पराशर ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद 27 दिसंबर को होने वाली सांकेतिक हड़ताल स्थगित कर दी गई है।
इस मौके पर सीएम जयराम ठाकुर ने बताया कि छोटी काशी मंडी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर पूरी तैयारियों में जुटा है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम ऐतिहासिहक रहने वाला है जिसमें प्रधानमंत्री हजारों करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। उन्होंने बताया कि खराब मौसम के चलते अब पड्डल मैदान में जनता के बैठने के लिए बनाए गए स्थान को भी वाटरप्रूफ बनाया गया है ताकि लोगों को किसाी प्रकार की परेशानी न हो।


