स्पेशल डेस्क: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई की जयंती पर पूरे देश में कई तरह के आयोजन हो रहे हैं। 2014 के बाद से इस दिन को सुशासन दिवस के तौर पर मनाया जाता है। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 97वीं जयंती पर शनिवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “सदैव अटल” पहुंचे।
राष्ट्रपति और पीएम मोदी पहुंचे ‘सदैव अटल’
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के समाधि स्थल ‘सदैव अटल’ पर पहुंचकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और पीएम नरेंद्र मोदी ने पुष्पांजलि अर्पित की।
ट्वीट कर PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि
पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा, ‘अटल जी को उनकी जयंती पर नमन। राष्ट्र के लिए की गईं उनकी सेवाएं हमारे लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने भारत को मजबूत और विकसित बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। विकास के लिए की गईं उनकी पहलों से लाखों भारतीयों को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया है।’
गृहमंत्री ने किया नमन
गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी जयंती पर याद करते हुए ट्वीट किया,”मां भारती का परम वैभव लौटाने को जीवन का ध्येय बनाकर अटल जी ने अपने अडिग सिद्धांतों व अद्भुत कर्तव्यनिष्ठा से देश में अंत्योदय व सुशासन की कल्पना को चरितार्थ कर भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। ऐसे अद्वितीय राष्ट्रभक्त आदरणीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर उन्हें चरणवंदन।”
अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती को हर वर्ष सुशासन दिवस के रूप में मनाने के बारे में बताते हुए अपने अगले ट्वीट में कहा, “अपने प्रधानमंत्री के कार्यकाल में अटलजी ने कई दूरदर्शी निर्णय लेकर एक मजबूत भारत की नींव रखी और साथ ही देश में सुशासन की कल्पना को चरितार्थ करके दिखाया।
मोदी सरकार हर वर्ष अटलजी के योगदानों का स्मरण कर बड़ी उत्साह से ‘सुशासन दिवस’ मनाती है। सभी को सुशासन दिवस की शुभकामनाएं।


