हमीरपुर: शौक को जुनून में बदल कर मेहनत करने वाले अक्सर इतिहास रचते हैं। आज विजय हजारे ट्रॉफी हिमाचल प्रदेश के नाम कर एचपीसीए के होनहार क्रिकेट खिलाड़ियों ने यह बात साबित कर दी है। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने क्रिकेट जगत की मशहूर विजय हजारे ट्रॉफी जीतने पर एचपीसीए के खिलाड़ियों और सारी टीम को बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने आज यह साबित कर दिया है कि अगर अवसर और सुविधाएं मिले तो हिमाचल प्रदेश में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है। मैं इन बच्चों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा करता हूं कि वह दिन भी आएगा जब यह बच्चे रणजी ट्रॉफी भी जीतेंगे और भारतीय टीम के लिए खेलते हुए देश को भी विजय दिलाएंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर खिलाड़ियों और बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि 140 करोड़ देशवासियों का यह बड़ा देश जिसमें हिमाचल प्रदेश एक छोटा सा राज्य है लेकिन छोटा सा पहाड़ी राज्य होने की यह पहचान हिमाचल की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती। आज खेल ही नहीं बल्कि समाज के कई अन्यत्र क्षेत्रों में भी हिमाचल प्रदेश अग्रणी भूमिका निभा रहा है जो प्रदेश वासियों के लिए गर्व की बात है।
बच्चों और खिलाड़ियों को प्रेरणा देते हुए उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने का केवल और केवल एक मात्र रास्ता है वह है ध्यान केंद्रित कर लगन लगाकर अनुशाषित होकर मेहनत कर अपने लक्ष्य की तरफ बढ़ना। देश प्रदेश में आज खेल और खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं और अवसरों की कमी नहीं है।
हमारे देश ने तो पुराने समय भी मेजर ध्यान चंद जैसे सर्वोत्तम खिलाड़ी पूरे विश्व को दिए हैं जिनको हॉकी के जादूगर के रूप में जाना जाता था। इसलिए खिलाड़ियों और बच्चों को इन अवसरों और सुविधाओं का लाभ लेना चाहिए और अपने जीवन को और अपने खेलों को आगे बढ़ाना चाहिए ताकि वह अपना अपने मां-बाप, क्षेत्र व देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।


