शिमला: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में कोरोना की रोकथाम के लिए 3 जनवरी से 15 से 18 साल के बच्चों का टीकाकरण शुरू होने जा रहा है। हालांकि प्रदेश के शीतकालीन स्कूलों में 1 जनवरी और ग्रीष्मकालीन स्कूलों में 3 जनवरी से छुट्टियां शुरू हो रही हैं।
3 जनवरी से स्कूलों में लगेंगे कोरोना के टीके
15 से 18 साल के बच्चों को कोरोना वैक्सीन (Corona Vaccine) की पहली डोज लगाई जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर ली है। विद्यार्थियों का टीकाकरण स्कूलों या स्कूलों से सटे वैक्सीनेशन सेंटरों में होगा। टीकाकरण के लिए विद्यार्थियों को छुट्टियों में भी स्कूल बुलाया जाएगा। इस संबंध में उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत शर्मा (Director of Higher Education Dr. Amarjeet Sharma) की ओर से सभी जिलों के शिक्षा उप निदेशकों को निर्देश जारी किए गए हैं।
जल्द शेड्यूल्ड तैयार करने के निर्देश
उप निदेशकों को वैक्सीनेशन के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर शेड्यूल तैयार करने और विद्यार्थियों को छुट्टियों के दौरान टीका लगाने के लिए स्कूल बुलाने को कहा गया है। सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को इस आयु वर्ग के बच्चों को चिन्हित कर टीके लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
केंद्र से मिलेगी 2.80 लाख खुलाक
वहीं, प्रदेश में 15 से 18 साल की उम्र के 4.5 लाख किशोर हैं। इनमें से ज्यादातर किशोर स्कूल (School) में पढ़ाई कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, 1 जनवरी को केंद्र सरकार से हिमाचल प्रदेश को पहली डोज के लिए 2.80 लाख खुलाक मिलेंगी।
10 जनवरी से बूस्टर डोज शुरू
जानकारी के मुताबिक, केंद्र सरकार ने इसके लिए हिमाचल सरकार को जानकारी दे दी है। 3 जनवरी को सुबह 9:00 बजे से किशोरों को कोरोना वैक्सीन की डोज लगाने का काम शुरू हो जाएगा। वहीं प्रदेश में 60 साल से ज्यादा की उम्र के लोगों को 10 जनवरी से बूस्टर डोज लगाई जाएगी।


