ऊना : नए साल की शुरूआत यूं तो खुशियों के साथ होती है, लेकिन ऊना में नए साल की शुरूआत एक दर्दनाक हादसे के साथ हुई है। जिला मुख्यालय के निर्माणाधीन मिनी सचिवालय साइट पर ट्रक से मार्बल उतारते समय दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
ट्रक में मार्बल उतारते समय दबे 5 मजदूर
मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले की कसडोल तहसील के छबड़ी गांव निवासी शिवा और शंकर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक मिनी सचिवालय निर्माणाधीन साइट के लिए एक ट्रक में मार्बल लाया गया था, जिसे अनलोड करते वक्त ट्रक में मौजूद 5 मजदूर ट्रक का एक साइड का पहिया बैठने के चलते मार्बल के बीच में दब गए।
कड़ी मशक्कत के बाद मजदूरों को निकाला
मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर भागे। लोगों द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद लोहे के पाइप डालकर मार्बल को हटाने का काम किया गया। इसी दौरान पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उसमें दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया।
एक की हालत बेहद नाजुक
पांच मजदूरों में से तीन को बेहोशी की हालत में क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया। जहां 2 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक मजदूर को नाजुक हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।


