शिमलाः हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुवार को अपना 57वां जन्मदिन बड़े ही धूमधाम से मनाया। उनके जन्मदिन के असवर पर पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जगह-जगह पर केक काटे गए।
धर्मपत्नी डॉ साधना संघ किया लोकनृत्य
वहीं, खुद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने सरकारी निवास ओक ओवर के परिसर में सराजी नाटी डाल अपना जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री के साथ धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर ने भी लोकनृत्य किया। मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर और शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने ओकओवर पहुंचकर सीएम को बधाई दी।
लोगों का जताया आभार
इस मौके पर ओक ओवर में मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाईयां देने वाले लोगो की भीड़ लगी रही। मुख्यमंत्री ने लोगों का शुभकामनाएं देने के लिए आभार जताया और कहा कि जिस सेवा और समर्पण से वह समाज के विकास के लिए काम कर रहे हैं भविष्य में भी इसी समर्पण से काम करते रहेंगे।
पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। सीएम की माता ने भी उन्हें फोन पर बधाई दी। वहीं धर्मशाला में भाजपा के कार्यकर्ताओं की ओर से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के जन्मदिन पर केक कटा गया।
जन्मदिन पर किया विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लोकार्पण
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों आदि ने सीएम को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। दोपहर बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पीटरहॉफ में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लोकार्पण करने गए तो यहां भी उन्हें जन्मदिन की बधाईयां देने वालों की भीड़ लगी रही।







