शिमला: शिमला जिले के रोहड़ू की रहने वाली रेणुका सिंह ठाकुर (Renuka Singh Thakur) का महिला विश्व कप के लिए टीम इंडिया में चयन हुआ है। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच एक दिवसीय मैचों की श्रृखला के अलावा महिला विश्व कप के लिए भी भारतीय टीम में चुनी गई हैं।
रेणुका का जन्म रोहडू के पारसा गांव में हुआ है। रेणुका जब तीन साल की थी, तब उनके पिता का निधन हो गया है। उनके पिता केहर सिंह चाहते थे कि उनकी बेटी क्रिकेटर बने। उनके पिता को क्रिकेट से काफी प्यार था और वह विनोद कांबली के बड़े फैन थे। इसी वजह से रेणुका के भाई का विनोद नाम रखा था।
आस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू
रेणुका ठाकुर ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज में डेब्यू किया है। रेणुका सिंह ने 3 मुकाबले खेले थे। तीन मुकाबलों में रेणुका ने एक विकेट हासिल की था। हालांकि वह ज्यादा खास कमाल नहीं कर पाई थी लेकिन अपनी गेंदबाजी से लोगों को काफी प्रभावित किया था।
रेणुका इस समय बंगलूर में हैं। रेणुका ने रोहड़ू में स्थानीय स्तर पर ही क्रिकेट खेलना शुरू किया और बाद में वह हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की धर्मशाला अकेडमी के लिए चुनी गई। रेणुका तेज गेंदबाज हैं और एचपीसीए के कोच पवन सेन से उन्होंने क्रिकेट की बारीकियां सीखी हैं।
सन 2019 में रेणुका ने बीसीसीआई महिला वन डे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 23 विकेट हासिल किए थे। इसी साल उसका चयन भारतीय महिला टीम-ए के लिए हुआ था।

