चंबा: साहो क्षेत्र में अपने पिता का दाह संस्कार करने के बाद घर लौट रहे युवक की रास्ते में गिरने से मौत हो गई है। युवक की पहचान बासु राम (32)पुत्र स्वर्गीय लैफ्टिनेंट जोटू राम निवासी गांव बडेटा साहो के रूप में हुई है। बासु राम के पिता की अचानक मौत हो गई।
बता दें कि मंगलवार को स्थानीय शमशानघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अपने पिता का दाह संस्कार करने के बाद बासु अपने घर जा रहा था। घर के निकट रास्ते में अचानक वह फिसल गया और वहीं पर बेसुध हो गया। परिजनों और रिश्तेदारों ने उसे उपचार के लिए तुंरत साहो अस्पताल पहुंचाया। जिसके बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रैफर करने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बासु के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। पिता के स्वर्ग सिधार जाने के बाद अब उसकी माता और परिवार के लिए वही एकमात्र सहारा था, लेकिन वह भी छिन गया। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र के शोक की लहर है।
सदर पुलिस थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को मैडीकल कालेज एवं अस्पताल चंबा में पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है और सी.आर.पी.सी. 174 के तहत कार्यवाही अमल में लाई गई।


