स्पेशल डेस्क: देश में कोरोना के बढ़ते मामलों ने सरकार की चिंताएं बढ़ा दी है। जिसके चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी गुरुवार को राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ शाम 4.30 बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक करेंगे। इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
वहीं इससे पहले बीते रविवार को भी एक उच्च स्तरीय बैठक में कोविड स्थिति की समीक्षा करते हुए पीएम मोदी ने जिला स्तर पर पर्याप्त स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को सुनिश्चित करने और मिशन मोड में किशोरों के लिए टीकाकरण अभियान को तेज करने का आह्वान किया था।
दोगुना रफ्तार से बढ़ रहा कोरोना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्य के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक के बाद देश में प्रतिबंधों को और सख्त किए जा सकता हैं। देश में कोरोना की बेकाबू रफ्तार ने हर किसी की चिंता बढ़ा दी है। दोगुना गति से बढ़ रहे नए मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं।
इन पांच राज्यों ने बढ़ाई चिंता
राज्य सरकारें भी अपने-अपने स्तर पर पाबंदियां लागू कर रही हैं। देश के पांच राज्यों ने सबसे ज्यादा चिंता बढ़ाई है। देश के पांच राज्यों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इनमें सबसे आगे है महाराष्ट्र। यहां बीते 24 घंटे में 33,470 नए मामले सामने आए हैं।
जबकि दूसरे नंबर पर पश्चिम बंगाल पहुंच गया है। यहां 19,286 केस सामने आने से हड़कंप मच गया है। इसके बाद राजधानी दिल्ली में भी कोरोना की रफ्तार डराने वाली है। यहां 19,166 के सामने आए हैं। जबकि तमिलनाडु में 13,990 और कर्नाटक में 11,698 मरीज मिले हैं।







