शिमला: हिमाचल प्रदेश में भी कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर ने अपना प्रकोप दिखाना शुरु कर दिया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर यह जानकारी दी। सुरेश कश्यप ने कहा कि शुरुआती लक्षण दिखने पर उन्होंने कोरोना टेस्ट करवाया था जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने खुद को घर पर आइसोलेट कर लिया है और डॉक्टरों की सलाह ले रहे हैं।
सुरेश कश्यप ने कहा कि उनके संपर्क में आए लोग कोरोना जांच करवा लें और डॉक्टर की सलाह से खुद को आइसोलेट करें। पिछले दिनों में मेरे सम्पर्क में आये सभी लोग अपनी जांच करा लें एवं खुद को चिकित्सीय परामर्श से आइसोलेट कर लें। साथ ही मेरा सभी नागरिकों से आग्रह है कि सतर्क रहें, कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सरकार द्वारा बतायी गयी, सभी आवश्यक सावधानियों का पालन करें।
हिमाचल प्रदेश में कोविड संक्रमितों के बढ़ते मामले बेहद चिंतनीय हैं। बीते कल यानि गुरुवार को भी प्रदेश में 1773 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, सिरमौर जिले में कोरोना से एक 6 माह के शिशु की मौत हो गई है। एसपी कांगड़ा कुशाल ठाकुर भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।


