स्पेशल डेस्क: कांगड़ा जिले में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब शिक्षण संस्थानों के निरीक्षण के नाम पर लाखों रुपए वसूलने का मामला सामने आया। विजिलेंस टीम ने गगल के एक निजी होटल में की गई कार्रवाई के दौरान होटल में ठहरे एक व्यक्ति तथा एक महिला से लगभग 11 लाख 30 हजार रुपये की नगदी बरामद की है।
इंस्पेक्टर भाग सिंह ठाकुर ने बताया कि गुप्त सूचना से पता चला था कि दो लोग इलाके के चार शिक्षा संस्थानों में गए थे। निरीक्षण के नाम पर कमियां बता कर भारी रकम वसूली जा रही थी। संजीव कुमार नामक निवासी अलीगढ़ यूपी और काव्या दुबे निवासी झांसी मध्य प्रदेश को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक ये दोनों जिला कांगड़ा के चार निजी कॉलेज जिसमें सरन कॉलेज आफ एजुकेशन घुरकड़ी कांगड़ा, ज्ञान ज्योति कॉलेज, द्रोणाचार्य कॉलेज रैत व केएलवी कॉलेज पालमपुर के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इन दोनों ने शुक्रवार को निरीक्षण कार्य पूरा कर लिया था।
बता दें कि शनिवार सुबह उनकी गगल स्थित कांगड़ा हवाई अड्डा से दिल्ली के लिए फ्लाइट थी। दोनों ही उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। विजिलेंस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर इन दोनों लोगों को गिरफ्तार किया है। विजिलेंस टीम ने दोनों से पूछताछ कर रही है।


