स्पेशल डेस्क: 2022 के चुनावों के मद्देनज़र अभी से ही सोशल मीडिया पर कई तरह के पोस्ट वायरल होने लग गए हैं। रविवार को सोशल मीडिया पर नादौन के विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर नियुक्ति की पोस्टें वायरल होने लगीं। सुक्खू समर्थकों ने ऐसी पोस्ट शेयर करते हुए उन्हें बधाई भी दे डाली। जबकि पार्टी आलाकमान की तरफ से पीसीसी चीफ की नियुक्ति बारे अधिसूचना जारी नहीं हुई है।
इसी कड़ी में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को लेकर भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही थी जिसमें उन्हें दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनाने का दावा किया गया था। देखते ही देखते ये पोस्ट इतनी वायरल हो गई कि सुखविंदर सिंह सुक्खू को इसपर खुद सफाई देनी पड़ी।
सुक्खू ने कहा कि “मैं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व अन्य किसी पद की दौड़ में नहीं हूं। कुछ स्वार्थी तत्व अफवाहें फैलाकर कांग्रेस आलाकमान के समक्ष गलत राजनीतिक तस्वीर पेश करना चाहते हैं। यह राजनीतिक विरोधियों की सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। ऐसा कर स्वार्थी तत्व अपने हितों की पूर्ति करना चाह रहे हैं।”
“मैं कांग्रेस पार्टी का सच्चा सिपाही हूं। जिसके साथ हाथ का निशान है, वह हर उस कार्यकर्ता, पदाधिकारी व नेता के साथ हैं। मेरा कोई व्यक्तिगत एजेंडा नहीं।” जनवरी 2019 में सुक्खू को हटाकर कुलदीप सिंह राठौर को पीसीसी चीफ बनाया गया था। सुक्खू वर्ष जनवरी 2013 से जनवरी 2019 तक छह साल तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे थे।
बता दें कि वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर का 3 वर्ष का कार्यकाल पूरा हो गया है। इस उपलक्ष्य पर जिला शिमला कांग्रेस कमेटी, शहरी व ग्रामीण संयुक्त तौर पर सोमवार 17 जनवरी को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कुलदीप राठौर के सम्मान में एक कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है।







