स्पेशल डेस्क: सुंदरनगर उपमंडल के तहत आने वाले सलापड़ क्षेत्र में जहरीली शराब पीने के मामले में मौत का आंकड़ा बढ़ गया है। मामले में एक और व्यक्ति की मौत हो गई है। अब मामले में कुल 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि अन्य 3 व्यक्ति की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज नेरचौक में डीआईजी सेंट्रल रेंज मधुसूदन, एसपी शालिनी अग्निहोत्री, विधायक एवं प्रदेश भाजपा महामंत्री राकेश जम्वाल, पूर्व विधायक सोहनलाल ठाकुर, डीसी अरिंदम चौधरी, एसडीएम धर्मेश रमोत्रा मौके पर पहुंचे हैं।
परिजनों का आरोप है कि जहरीली शराब के सेवन से इनकी मौत हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, इन सभी लोगों ने ये शराब किसी ठेके से नहीं खरीदी है बल्कि शराब माफिया द्वारा इसे चंडीगढ़ से लाकर यहां अवैध रूप से बेचा गया था।
बीती रात को 7 लोगों ने इस शराब को खरीदा और घर जाकर इसका सेवन किया। शराब का सेवन करने के बाद इन सभी की तबीयत खराब होने लग गई। परिजनों ने आनन-फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पिछले कई दिनों से सलापड़ क्षेत्र में चोरी छिपे चंडीगढ़ से शराब लाकर बेची जा रही थी।
सलापड़ में होता है अवैध शराब का कारोबार
इन्होंने इसी शराब का सेवन किया था। बताया जा रहा है क्षेत्र में इस शराब की मांग ज्यादा हो गई थी, इससे ज्यादा नशा होने की बात कही जा रही है। पंचायत समिति के पूर्व अध्यक्ष सतीश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में शराब माफिया काफी लंबे समय से सक्रिय है। चंडीगढ़ से सस्ती शराब लाकर यहां पर बेची जाती है और उसी के कारण आज लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से इसपर कठोर कार्रवाई करने की मांग उठाई है।


