स्पेशल डेस्क: विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। विमानन नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने कोरोना के नए स्ट्रेन के बढ़ते खतरे को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध की अवधि को बढ़ा दिया है। भारत सरकार ने आज इंटरनेशनल कमर्शियल उड़ानों के निलंबन को 28 फरवरी तक बढ़ा दिया है. आपको बता दें कि इससे पहले केंद्र सरकार ने 31 जनवरी तक देश से आने-जाने वाली सभी इंटरनेशनल उड़ानों को स्थगित कर दिया था।
DGCA ने अपने आदेश में साफ किया है कि फ्लाइट्स के निलंबन का असर कार्गो और डीजीसीए की मंजूरी वाली फ्लाइट्स पर नहीं पड़ेगा। दरअसल, भारत आने-जाने वाली सभी इंटरनेशनल उड़ानें कोविड-19 महामारी के चलते 23 मार्च 2020 से ही बंद हैं। लेकिन, जुलाई 2020 से करीब 28 देशों के साथ हुए एयर बबल समझौते के तहत कुछ विशेष अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानें संचालित हो रही हैं। ताकि इमरजेंसी में यात्रियों को असुविधा न हो।
देश में कोरोना की स्थिति
बुधवार को एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामलों में उछाल देखने को मिला है। बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटों में 2 लाख 82 हजार 970 नए मामले दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में पिछले 24 घंटों में 1 लाख 88 हजार 157 लोग संक्रमण मुक्त होने में कामयाब रहे हैं, तो वहीं इस अवधि में 441 लोगों की मौत हुई है।


