स्पेशल डेस्क: भारत की टेनिस सुपरस्टार सानिया मिर्ज़ा ने खेल से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलियन ओपन खेलने पहुंचीं सानिया मिर्ज़ा का कहना है कि ये उनका आखिरी सीज़न होगा। यानी साल 2022 में सानिया मिर्ज़ा आखिरी बार टेनिस कोर्ट में दिखाई देंगी।
ऑस्ट्रेलियन ओपन के मुकाबले में बुधवार को ही सानिया मिर्ज़ा को हार का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद उन्होंने ये बयान दिया है। सानिया मिर्ज़ा ने कहा कि ये उनका आखिरी सीज़न होगा, वह हफ्ते दर हफ्ते आगे की तैयारी कर रही हैं। लेकिन ये पक्का नहीं है कि वह पूरा सीज़न खेल पाएंगी या नहीं।
मुकाबले के बाद सानिया मिर्ज़ा ने कहा कि मुझे लगता है मैं बेहतर खेल सकती हूं, लेकिन अब शरीर उस तरह से साथ नहीं दे पाता है। ये सबसे बड़ा सेटबैक है। साल 2003 से अंतरराष्ट्रीय टेनिस मुकाबले खेल रही सानिया मिर्ज़ा करीब दो दशक बाद कोर्ट से विदा लेंगी।
35 साल की सानिया मिर्जा भारत की सबसे बड़ी महिला टेनिस स्टार रही हैं, जिन्होंने अपने नाम कई खिताब किए साथ ही लड़कियों की एक पूरी पीढ़ी को प्रेरणा दी है। सानिया मिर्ज़ा ने डबल्स में ऑस्ट्रेलियन ओपन, विंबल्डन, अमेरिकी ओपन का खिताब जीता है। जबकि मिक्स डबल्स में भी सानिया मिर्ज़ा ने ऑस्ट्रेलियन ओपन और अमेरिकी ओपन को अपने नाम किया है।


