शिमला: हिमाचल प्रदेश में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। आम लोगों के साथ-साथ वीआईपी पर्सन्स भी इसकी चपेट से बच नहीं पाए हैं। वहीं प्रदेश सरकार के कई विधायक और मंत्री भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इसी क्रम में अब खेल मंत्री राकेश पठानिया भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद अपने सोशल मीडिया के जरिए सांझा की है।
उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “आज सुबह मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसलिए मैं अपने आप को 7 दिनों के लिए क्वरांटिन कर रहा हूं। मेरे संपर्क में आए सभी लोगों से निवेदन है की अपनी सेहत का ख्याल रखें व लक्षण आने पर अपनी जांच जरूर करवाएं।”
बता दें कि गणतंत्र दिवस के समारोह में राकेश पठानिया नाहन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। इस दौरान उनके संपर्क में कई लोग आए। अधिकारियों सहित कई आम लोग भी उनके संपर्क में आए हैं। लिहाजा अब उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद चिंताएं बढ़ गई है।


