सुजानपुर : भाजपा ने सुजानपुर के विधायक पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में शराब तस्करी में लिप्त लोगों के नाम जैसे जैसे उजागर हो रहे हैं वैसे वैसे विधायक उन तस्करों को बचाने में लग गए हैं। जिला महामंत्री हरीश शर्मा ने कहा कि शराब तस्कर आरोपी नीरज ठाकुर के सुजानपुर विधायक राजेंद्र राणा के साथ कैसे संबंध थे यह बात शीघ्र ही सार्वजनिक हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि वैसे तो भाजपा द्वारा किए गए हर विकास कार्य पर वह सीबीआई, आईडी से जांच की मांग करते है लेकिन जब से यह शराब तस्कर का मामला उजागर हुआ है तब से विधायक ने एक बार भी किसी भी विभाग द्वारा जांच की मांग नहीं की।
क्योंकि वह भली भांति जानते हैं कि अगर इस शराब कांड की इंक्वायरी पूरी तरह से हुई तो इसमें कांग्रेस के बड़े-बड़े नेताओं के नाम उजागर हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि सुजानपुर विधायक चुनावों के समय जिस तरह से वोट बैंक की खातिर नशे का प्रयोग करके जनता को विशेष रूप से युवाओं को बरगलाने का काम करते हैं इस बात का भी खुलासा सबके सामने होगा।
जिला महामंत्री ने कहा कि सुजानपुर विधायक द्वारा यह कहा जाना कि नीरज ठाकुर का फोटो भाजपा के दिग्गज नेता के साथ है। लेकिन उन्हें यह मालूम नहीं है नीरज ठाकुर का फोटो कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री के साथ भी खींचा हुआ है।
विधायक को शायद याद नहीं कि दोनों ही नेता प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और मुख्यमंत्री पद ऐसा होता है जिसमें ना कांग्रेस ना बीजेपी एक प्रदेश के एक एक नागरिक का मुख्यमंत्री होता है। लेकिन सुजानपुर के विधायक ना तो मंत्री रहे हैं और ना ही कुछ और नीरज ठाकुर के सबसे ज्यादा फोटो उनके साथ हैं।
सुजानपुर और जिला हमीरपुर की जनता अच्छी तरह से जानती है कि सुजानपुर विधायक का नीरज ठाकुर के साथ कितना घनिष्ठ संबंध रहा है। विक्रम ठाकुर ने कहा कि सुजानपुर विधायक और उनका बेटा क्या काम करता है उनकी इनकम क्या है क्या करोड़ों की संपत्ति जो उन्होंने बनाई है उसका विवरण भी जनता के समक्ष रखें। दूसरों को भूमाफिया कहने वाले सुजानपुर विधायक स्वयं का व्यवसाय जनता के समक्ष रखें कि वे चंडीगढ़ में किस प्रकार का व्यवसाय करते थे।
पूरा हिमाचल प्रदेश व चंडीगढ़ जानता है कि विधायक व उनका परिवार खुद भूमाफिया का काम करता है। विधायक का खुद का व्यवसाय भूमाफिया से प्रेरित है। वह बताएं कि उनके चंडीगढ़ में व्यवसाई साझेदार क्यों जेल की सलाखों के पीछे गए। वहीं, आज भी उन पर भूमि से संबंधित केस चल रहे हैं।
विधायक इन बातों का जवाब कभी नहीं देंगे क्योंकि उनको दूसरों पर आरोप लगाने में और अपनी राजनीति को चमकाने में मजा आता है। यह बात किसी से छिपी नहीं है लेकिन कुछ वर्षों के अंदर चंडीगढ़ में आय से अधिक संपत्ति अर्जित कर लेना किस ओर इशारा कर रहा है।
भाजपा पदाधिकारियों ने याद दिलाते हुए कहा कि सुजानपुर विधायक यह ना भूले कि नीरज ठाकुर कांग्रेस पार्टी का जिला महामंत्री था और उसे जिला महामंत्री बनाने में कांग्रेस के नेताओं का ही सहयोग रहा है। इसलिए अपने घर का कीचड़ किसी और पर ना डाले जनता समझदार है और जनता उनका असली चेहरा अब समझ चुकी है।







