स्पेशल डेस्क: स्वास्थ्य कर्मियों के जज्बे ने हिमाचल को कोरोना वैक्सीनेशन में देश का पहला राज्य बनाया है। खराब मौसम और बर्फबारी भी इनके हौसलों को कम नहीं कर पा रहा है। दरअसल, मंडी जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसमें महिला स्वास्थ्य कर्मी बर्फ की मोटी चादर से ढके रास्तों पर करीब 6 किलोमीटर पैदल सफर करते हुए स्कूली छात्रों को कोरोना वैक्सीन लगाने स्कूल पहुंची।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने अपने ट्विटर अकाउंट के जरिए इस वीडियो को शेयर किया है। उन्होंने लिखा “साहस की पराकाष्ठा उम्मीद की किरण है। देश की हेल्थ आर्मी देश का अभिमान है। 6 किलोमीटर पैदल चलकर बच्चों के टीकाकरण के लिए जातीं स्वास्थ्य कर्मी। गर्व है मुझे हमारी हेल्थ आर्मी पर।” यह वीडियो सराज के जंजैहली के थाची का बताया जा रहा है।
इस वीडियो को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया (Union Health Minister Mansukh Mandaviya) के इलावा सीएम जयराम ठाकुर ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया है और स्वास्थ्य कर्मी का हौसला बढ़ाया है।
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा “कोविड वैक्सीनेशन अभियान के अंतर्गत प्रदेश में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा समर्पणभाव से दी जा रही सेवाएं सफल गाथा लिख रही है। मंडी में खराब मौसम एवं बर्फबारी के बावजूद स्वास्थ्य कर्मी बच्चों के वैक्सीनेशन हेतु मजबूत मनोबल के साथ सेवाएं देने जा रही है। हेल्थ वर्कर्ज को साधुवाद।”







