स्पेशल डेस्क: भारत क्रिकेट की युवा ब्रिगेड ने इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया एक बार फिर विश्वविजेता बन गई है। वेस्टइंडीज़ में खेले गए अंडर-19 वर्ल्डकप को भारत ने जीता और रिकॉर्ड पांचवीं बार ट्रॉफी अपने नाम कर दी। शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने आसानी से जीत दर्ज की।
इंग्लैंड ने फाइनल मुकाबले में 189 रन बनाए थे और भारत को 190 रनों का लक्ष्य मिला था। टीम इंडिया ने 47.4 ओवर में ही 6 विकेट खोकर 195 रन बना लिए।जब मैच अपने आखिरी दौर में पहुंचा, तब टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने रनों की रफ्तार बढ़ा दी। टीम इंडिया के दिनेश बाना ने छक्का जड़कर भारत को विश्व विजेता बना दिया।
कप्तान यश धुल की अगुवाई में भारत ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की और इंग्लैंड की टीम को फाइनल में 4 विकेट से हरा दिया। इंग्लैंड ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था, जिसके बाद टीम इंडिया ने उसे सिर्फ 189 रनों पर ही ऑलआउट कर दिया। बाद में टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने अपना कमाल दिखाया और इस लक्ष्य को हासिल कर लिया।
अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में टीम इंडिया के ऑलराउंडर राज बावा ने इतिहास रच दिया है। राज बावा ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए केवल 31 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। पांच विकेट लेने के साथ ही राज बावा ने रिकॉर्ड्स की बारिश कर डाली। जिसके चलते इंग्लैंड की टीम 189 रन ही बना पाई। इस प्रदर्शन के साथ ही राज बावा अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
इससे पहले फाइनल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का रिकॉर्ड पाकिस्तान के अनवर अली के नाम दर्ज था। अनवर अली ने साल 2006 के अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत के खिलाफ फाइनल में 35 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे। साथ ही राज बावा, अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में पांच विकेट लेने वाले पहले भारतीय बॉलर हैं।


