मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में देर रात घर के बाहर खड़ी फॉर्च्युनर कार के चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना मंडी जिला के औट थाना क्षेत्र के तहत आने वाले औट गांव की है। यहां दो चोर देर रात को फॉर्च्यूनर कार चुरा कर ले गए।
मिली जानकारी के अनुसार यह कार पंचायत के प्रधान भूषण वर्मा की हैं। फॉर्च्युनर कार का नंबर एचपी 49A5009 है। भूषण वर्मा ने इसे अक्तूबर 2019 में 34 लाख रुपये में खरीदा था।
जानकारी के अनुसार, भूषण वर्मा जब मंगलवार सुबह उठे तो घर के बाहर से अपनी कार को गायब पाया। ऐसे में उन्होंने अपने भाई को फोन करके पूछा कि कहीं वो गाड़ी लेकर कहीं गया तो नहीं है। भाई ने इस बात से इनकार किया। वहीं, जब नजर जमीन पर पड़ी तो कुछ कांच के टुकड़े दिखे।
इसके बाद जांच करने के लिए घर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे देखे। चोर रात करीब 2 बजे गाड़ी के पास लैपटॉप लेकर पहुंचे और कार को चुराने की कार्रवाई शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद 3 बज कर 10 मिनट पर कार को स्टार्ट करके चोर फरार हो गए।
सीसीटीवी के अनुसार, पहले दो शातिर चोरों ने गाड़ी का शीशा तोड़ा और फिर कार के अंदर घुसे। बाद में लेपटॉप के जरिये कार का लॉक ब्रेक किया और फिर कुछ समय बाद कार को ले उड़े।
भूषण वर्मा ने बताया कि उन्होंने औट थाना में शिकायत दर्ज करवा दी है और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी दे दी है। औट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ललित महंत ने बताया कि सभी थानों को इस संदर्भ में अलर्ट कर दिया गया है और पंजाब पुलिस को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।


