धर्मशाला: अरुणाचल प्रदेश में बर्फीले तूफान की चपेट में आने से हिमाचल प्रदेश के दो जवान शहीद हो गए हैं। बिलासपुर के 21 साल के अंकेश भारद्वाज के बाद अब कांगड़ा के 26 साल के राकेश सिंह के शहादत की खबर मिली है। राकेश सिंह चार महीने पहले ही पिता बने थे और उनकी पत्नी ने बेटे को जन्म दिया था।
जानकारी के अनुसार, राकेश सिंह कांगड़ा के बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कंदराल के गांव महेशगढ के रहने वाले थे। हालांकि, कांगड़ा जिला प्रशासन के पास बैजनाथ के जवान की शहादत की कोई आधिकारिक सूचना नहीं है।
एडीएम कांगड़ा रोहित राठौर ने कहा कि प्रशासन सेना से सम्पर्क में है। बैजनाथ के शहीद राकेश कुमार अपने पीछे बूढ़े माता पिता, पत्नी व 4 माह का बेटा छोड़ गए हैं। उनकी बीमार माता व पत्नी को अभी शहादत की सूचना नहीं दी गई है।
राकेश कुमार पुत्र जिगरी राम 7 साल पहले सेना में भर्ती हुए थे। कुछ समय पहले ही उनकी शादी हुई थी। पिता जिगरी राम सेना से रिटायर हुए हैं। राकेश 4 महीने पहले छुट्टी पर घर आये थे।







