शिमलाः हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। सरकार के वित्त विभाग ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में तीन फीसदी की बढ़ोतरी कर इसे मौजूदा दर 28 से 31 फीसदी कर दिया है। यह एक जुलाई 2021 से लागू माना जाएगा। राज्य सरकार के सभी नियमित कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा।
1 मार्च 2022 से अर्जित होगा ब्याज
विभाग के अनुसार इस तीन प्रतिशत अतिरिक्त डीए की अदायगी मार्च महीने में फरवरी 2022 के वेतन के साथ नकद की जाएगी। जबकि एक जुलाई 2021 से 31 जनवरी 2022 तक कर एरियर कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में डाला जाएगा। इस पर ब्याज एक मार्च 2022 से अर्जित होगा।
एक जुलाई 2021 से लागू होगा DA
वहीं, जो कर्मचारी इस बीच सेवानिवृत हुए या जिन्होंने जीपीएफ खाता बंद कर दिया है या अंशदायी पेंशन योजना के तहत आते हैं, उन्हे डीए का एरियर एक जुलाई 2021 से मार्च 2022 में फरवरी के वेतन के साथ नकद दिया जाएगा। इस संबंध में अतिरिक्त मुख्यसचिव वित्त प्रबोध सक्सेना की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।
करीब 2.25 लाख कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
इसके साथ ही अब प्रदेश के आईएएस अधिकारियों की तर्ज पर कर्मचारियों को भी 31 फीसदी डीए मिलेगा। इससे राज्य के करीब 2.25 लाख कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
सीएम जयराम ने की थी घोषणा
बता दें कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 25 जनवरी को हिमाचल के पूर्ण राज्यत्व दिवस पर सरकारी कर्मचारियों का डीए 4 फीसदी बढ़ाने की घोषणा की थी।







