शिमलाः भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप में चैंपियन बनाने वाले खिलाड़ियों पर आईपीएल नीलामी में जमकर बोली लगी। पंजाब किंग्स ने ऑलराउंडर राजा बावा को करोड़पति बनाया। पंजाब किंग्स ने दो करोड़ रुपये की बोली लगाकर राजा बावा को अपनी टीम में शामिल किया है। बेहतरीन ऑलराउंडर राज बावा अब आईपीएल में खेलते नजर आएंगे।
युवराज सिंह को अपना आदर्श मानने वाले राज बावा ने अंडर-19 विश्व कप में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने फाइनल मुकाबले में 5 विकेट और बल्ले से शानदार पारी खेली थी। 20 लाख के बेस प्राइस वाले राज बावा का नाम जब ऑक्शन में आया तो सनराइजर्स हैदराबाद ने उनपर पहली बोली लगाई।
इसके बाद पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस भी होड़ में कूद गए। देखते ही देखते बोली 50 लाख, एक करोड़, डेढ़ करोड़ पार करते हुए दो करोड़ रुपये पहुंच गई। आखिरी में प्रीति जिंटा की पंजाब किंग्स उन्हें खरीदने में कामयाब रही।
राज अंगद बावा का जन्म 12 नवंबर 2002 को हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला में एक एथलीट परिवार में हुआ। राज के ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट दादा त्रिलोचक बावा 1948 लंदन ओलंपिक गेम्स में भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रह चुके हैं। जब राज 5 साल के थे, तो उनके दादा का निधन हो गया।
राज के पिता सुखविंदर बावा हरियाणा की जूनियर टीम से हॉकी खेल चुके हैं। उनका साल 1988 में अंडर-19 कैंप (क्रिकेट) के लिए भी सलेक्शन हो चुका था, लेकिन स्लिप डिस्क के चलते सुखविंदर को महज 22 साल की उम्र में कोचिंग की ओर रुख करना पड़ गया। उन्होंने युवराज सिंह और फास्ट बॉलर VRV सिंह को कोचिंग दी है।







