धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्टेडियम में लंबे समय के बाद एक बार फिर क्रिकेट का रोमांच लौट आया हैं। भारत और श्रीलंका के बीच फरवरी में तीन टी-20 मैचों की सीरीज होने वाली है। इस टी-20 सीरीज का आगाज 24 फरवरी को लखनऊ स्टेडियम से होगा।
24 फरवरी को लखनऊ में खेला जाएगा मैच
बीसीसीआई ने भारत-श्रीलंका टी-20 मैचों का शेड्यूल अपनी अधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट कर दिया है। टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 24 फरवरी को अटल बिहारी वाजपेयी क्रिकेट स्टेडियम लखनऊ में होगा। इसके बाद दो मैच धर्मशाला स्टेडियम में 26 और 27 फरवरी को खेले जाएंगे। इन मैचों को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं।
समुद्र तल से 1317 मीटर ऊंचाई पर धौलाधार की खूबसूरत पहाड़ियों की गोद में बने हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) स्टेडियम में काफी अरसे बाद इंटरनेशनल मैच होने जा रहे हैं। 27 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता वाले इस स्टेडियम में मैच देखने का क्रिकेट प्रेमियों में खासा क्रेज रहता है।
2003 में हुई है स्टेडियम की स्थापना
इस स्टेडियम को दुनिया के चुनिंदा खूबसूरत स्टेडियम में गिना जाता है। इस स्टेडियम की स्थापना 2003 में हुई थी। इस स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय वनडे, टी-20 मैचों के अलावा रणजी ट्राफी और आईपीएल के मैच खेले जा चुके हैं।
धर्मशाला में होंगे T20 सीरीज के निर्णायक मैच
भारत-श्रीलंका में टी-20 मैचों की सीरीज के निर्णायक मैच धर्मशाला में होंगे। जो टीम धर्मशाला के दोनों मैचों में जीत हासिल करती है, वह सीरीज पर कब्जा जमा लेगी। धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में भारत श्रीलंका के बीच दोनों मैच शाम को सात बजे शुरू होंगे। इस दौरान दर्शकों की एंट्री बैन होगी।
ओस बन सकता है खिलाड़ियों की परेशानी
मैचों के दौरान ओस खिलाड़ियों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। ठंड की वजह से शाम के समय ओस पड़ने लगती है। विशेषज्ञों की माने तो मौसम साफ रहने पर और अधिक पड़ने की संभावना है वहीं अगर आसमान में बादल छाए रहे तो ओस पड़ने की संभावना कम रहेगी।
मैच से पहले लेनी होती है, इंद्रू नाग देवता की अनुमति
बता दें कि धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में मैच से पहले इंद्रू नाग देवता की अनुमति लेने के लिए एचपीसीए के अधिकारी उनकी पूजा अर्चना करते हैं। बिना उनकी अनुमति के स्टेडियम में मैच नहीं खेले जाते हैं। शनिवार 12 फरवरी को मैच के सफल आयोजन के लिए खनियारा स्थित मंदिर में देवता की विशेष पूजा की जाएगी।


