स्पेशल डेस्क: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पत्नी डिंपल यादव के साथ वोट डाला है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 सीटों पर मतदान जारी है। जिन 59 सीटों पर मतदान चल रहा है, उनमें हाईप्रोफाइल करहल सीट शामिल भी है। करहल से समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद मैदान में हैं।
BJP का होने जा रहा है सफाया
अखिलेश यादव ने वोट डालने के बाद कहा कि, “बीजेपी का सफाया होने जा रहा है। यूपी के किसान इन्हें माफ नहीं करेंगे। हमने पहले 2 चरणों में शतक लगाया है और इस चरण में भी सपा और गठबंधन बाकी सभी से आगे होगा।”
सीएम योगी पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि, “बाबा मुख्यमंत्री 5 साल रहे। आप ने अपने मेडिकल कॉलेज को वो सुविधा क्यों नहीं दी जो PGI की हैं। ज़िम्मेदार कौन है? सैफई का जो विकास हुआ वो एक दिन का नहीं है। बाबा मुख्यमंत्री को कोई काम करना नहीं है, कोई अच्छा काम देखना नहीं है।”
उन्होंने कहा, “कोई आतंकवादी हो उसके ऊपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो। चुनाव से पहले बीजेपी द्वारा आरोप लगाना, बीजेपी रणनीति से चलती है। इटावा में बाबा मुख्यमंत्री आए थे, उन्होंने झूठी तस्वीर लगाई। उत्तर प्रदेश में तमाम जगह जब विकास दिखाना था तो चीन की फोटो चोरी करके कौन लाया।”


