स्पेशल डेस्क : पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब की जनता ने बड़ा झटका दिया है। चन्नी गुरुवार को आए चुनावी नतीजों में अपनी दोनों सीटों से चुनाव हार गए हैं। चन्नी ने इन चुनावों में चमकौर साहिब और भदौर सीटों से चुनाव लड़ा था, लेकिन इसके बावजूद वो अपनी कुर्सी नहीं बचा पाए।
खास बात यह है कि चन्नी चमकौर साहिब सीट से तीन बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। मगर इस बार उन्हें आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. चरणजीत सिंह के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
यहां तक कि कांग्रेस ही पंजाब में अपनी सत्ता नहीं बचा पाई है। दोपहर तक के रुझानों में स्पष्ट हो चुका है कि आम आदमी पार्टी बुहमत के आंकड़ों से कहीं ज्यादा ऊपर सीटें लाकर आराम से सरकार बना रही है।
कांग्रेस नेता चन्नी ने अभी सितंबर में ही पंजाब की सत्ता संभाली थी। पार्टी में मचे घमासान के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद चन्नी को सीएम पद के लिए चुना गया। उन्हें पहले दलित सीएम के तौर पर खूब चर्चा मिली।
दिलचस्प है कि पंजाब में वर्तमान मुख्यमंत्री के साथ पहले के भी सभी मुख्यमंत्री भी अपनी सीट नहीं बचा पाए हैं। चन्नी के अलावा कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला शहरी क्षेत्र, सुखबीर बादल जलालाबाद से हार गए हैं।


