शिमला: हिमाचल प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और जन विरोधी नीतियों के खिलाफ युवा कांग्रेस ने सोमवार को विधानसभा के बाहर धरना प्रदर्शन किया। वहीं, शिमला के चौड़ा मैदान में प्रदेश भर से एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में भाग लेने पहुंचे।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी संजय दत्त कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सहित कई विधायक इस प्रदर्शन में शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। रैली के बाद युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चौड़ा मैदान में बेरिकेड लांघ कर विधानसभा के पास पहुंच गए और यहां भी बेरिकेड पार कर विधानसभा की ओर जाने लगे जिस पर पुलिस ने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।
इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई हाथापाई में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी के कपड़े फट गए। निगम भंडारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है।
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य में जयराम सरकार की विदाई तय है। बेरोजगार सरकार का तख्ता पलट करेंगे। भर्तियों में फर्जीवाड़ा हुआ है। महंगाई आसमान छू रही है। 80 हजार करोड़ का कर्जा लिया है। हिमाचल में चार साल से लड़ाई लड़ी है।







