शिमलाः हिमाचल प्रदेश के शिमला में देवभूमि सवर्ण समाज संगठन के कार्यकर्ताओं ने शोघी में ख्वारा चौकी पर राष्ट्रीय राजमार्ग-5 यातायात ठप कर दिया है। कार्यकर्ता शिमला की ओर आ रहे हैं। शिमला चंडीगढ़ हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। शिमला पहुंचने के अधिकतर रास्ते बंद कर दिए गए हैं।
शालाघाट में बिलासपुर की ओर से आने वाली गाड़ियों को रोका जा रहा है। शिमला मंडी हाईवे पर तवी मोड़ के पास नाकेबंदी कर दी गई है। इससे पहले शिमला की ओर आने वाले वाहनों के लिए ट्रैफिक वाया चक्कर डायवर्ट किया गया।
राजधानी में भारी पुलिस बल तैनात
पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए राजधानी में जगह-जगह नाके लगाए हुए हैं। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेट्स भी लगाए गए हैं। देवभूमि सवर्ण समाज संगठन के कार्यकर्ता शिमला में टूटीकंडी क्रॉसिंग पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान देवभूमि सवर्ण समाज संगठन के अध्यक्ष रूमित ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
शिमला की तरफ कूच कर रहें कार्यकर्ता
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बात करने नहीं आए तो तीन घंटे बाद शिमला के लिए कूच किया जाएगा। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने सामान्य वर्ग आयोग अधिसूचित किया है। लेकिन देवभूमि सवर्ण समाज संगठन की मांग है कि सामान्य वर्ग आयोग नहीं, सरकार सवर्ण आयोग का गठन करे। इसकी अधिसूचना नहीं एक्ट के तहत इसकी स्थापना चाहिए। जारी अधिसूचना के अनुसार आयोग में जिस तरह से नियुक्तियां की जानी हैं, वे मौजूदा प्रावधानों के अनुसार राजनीतिक होंगी।
क्रॉसिंग में मुख्यमंत्री के होर्डिंग्स फाड़े
देवभूमि सवर्ण समाज संगठन के कार्यकर्ताओं ने टूटीकंडी क्रॉसिंग के पास लगे मुख्यमंत्री के होर्डिंग फाड़ दिए हैं। विधानसभा के पास पुलिस ने बेरिकेड लगा दिए हैं। टालैंड से आगे ओल्ड बस स्टैंड की ओर आने वाली बसों की आवाजाही बंद कर दी गई है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर वाया कंडाघाट-जुंगा मार्ग से होते हुए शिमला पहुंचे हैं। भीड़ को देखते हुए उनका रूट बदला गया।
रूमित ठाकुर के खिलाफ नारेबाजी
देवभूमि सवर्ण समाज संगठन के अध्यक्ष रूमित ठाकुर के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी है। रूमित ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और मौजूदा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे।
रूमित ठाकुर के इस बयान पर कार्यकर्ता भड़क गए और नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए, राजनीति नहीं चलेगी। कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए हैं। रूमित कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।







