हमीरपुर: भाजपा जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बलदेव शर्मा ने बताया कि जब भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी उन्होंने सिंचाई योजना के सुधार के लिए बजट राशि मंजूर करवाई। लेकिन कांग्रेस शासन के समय योजना के सुधार पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया गया। जिससे सिंचाई योजनाएं बंद होने के कगार पर पहुंच चुकी थी।
वहीं, अब बड़सर उपमंडल की सिंचाई योजनाओं की हालत 8.73 करोड़ से सुधरेगी। इनमें छतोली-जौड़े अंब, भालत, घंगोट और कलवाल सिंचाई योजना शामिल है। सरकार ने योजनाओं के संबर्धन के लिए यह राशि मंजूर की है। जिससे इन योजनाओं के तहत आने वाले लोग अपने खेतों को सिंचित कर लाभ उठा सकते हैं।
इस बार उन्होंने जल शक्ति विभाग के माध्यम से योजनाओं के लिए राशि मंजूर करने के लिए प्रस्ताव भेजा था। सरकार ने छतोली-जौड़े अम्ब सिंचाई योजना को 1 करोड़ 97 लाख, भालत सिंचाई योजना को 1 करोड़ 64 लाख, घंगोट सिंचाई योजना को 2 करोड़ 64 लाख, कलवाल सिंचाई योजना को 1 करोड़ 41 लाख तथा भेबड- सेहली सिंचाई योजना को 1 करोड़ 7 लाख की राशि मंजूर की है।
यह राशि मंजूर होने से इन योजनाओं का सुधार हो सकेगा तथा किसान अपने खेतों को सिंचित करने का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार ने सिंचाई योजना की ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया। उन्होंने राशि मंजूर करने के लिए प्रदेश सरकार का धन्यवाद करते हुए आभार प्रकट किया है।







