शिमलाः मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पन्नू द्वारा 29 अप्रैल को शिमला में खालिस्तानी झंडे फहराने की धमकी पर कहा कि वह पहले भी इस प्रकार की बातें बोल चुके हैं। इस प्रकार की बातों में कोई गंभीरता नहीं है और न ही जांच की जरूरत है।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इससे पहले भी लोग उनकी बातों को कई बार सुन चुके हैं। इसलिए इस संबंध में जांच करने का कोई विषय नहीं है। सुरक्षा की दृष्टि से स्वभाविक तौर पर सरकार अलर्ट है। नालागढ़ में सीएम की जनसभा के दौरान भी सुरक्षा कड़ी रखी गई थी।
हिमाचल प्रदेश पुलिस की ओर से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सुरक्षा को बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। बीते दिनों भी खालिस्तान समर्थकों की ओर से मुख्यमंत्री को धमकी दी गई थी। उस दौरान सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं।
बीते दिनों पंजाब से हिमाचल आ रहे कुछ पर्यटकों और श्रद्धालुओं के वाहनों पर विवादित झंडे लगे हुए थे। पुलिस ने खालिस्तान के समर्थन में लगाए इन झंडों को उतरवा दिया था। वहीं, बड़ी संख्या में हिमाचल में दाखिल हुए वाहनों के मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किए गए।
इसके बाद पंजाब में इसका विरोध शुरू हो गया था। पंजाब में हिमाचल के कई वाहनों को रोक कर तंग करने की कोशिश की गई। इसके बाद हिमाचल की जयराम सरकार ने संज्ञान लिया और पंजाब प्रशासन से बात की। इसके बाद हिमाचल के वाहनों को रोकने का सिलसिला थम गया।


