हमीरपुर: वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने मंगलवार को सुजानपुर विधानसभा की ग्राम पंचायत भरनांग में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसभा को संबोधित किया।
इस दौरान धूमल ने कड़े लहजे में कहा कि अगर देश रहेगा तभी देश में राजनीति की जा सकती है। देश को सुरक्षित रखने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने यूक्रेन का उदाहरण देते हुए कहा कि यूक्रेन के हालात किसी से छुपे नहीं है।ऐसे में अब न वहां देश बचा है और न राजनीति। इसलिए अगर देश को बचाना है तो मोदी जी को हर बार लाना है।
साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि1990 में जब उन्होंने पहली बार संसद में वन रैंक वन पेंशन का मुद्दा उठाया था। उस वक्त सिपाही घर आता था तो ₹1500 पेंशन लेकर घर आता था, लेकिन आज सिपाही घर आता है तो उसे लाखों रुपए मिलते हैं। यह मोदी सरकार ने भूतपूर्व सैनिकों के लिए कर के दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी हाल ही में सुजानपुर विधानसभा में एक बड़ा कार्यक्रम पूर्व सैनिकों को सम्मानित करने का हुआ। जिसमें पूर्व सैनिकों ने खुद कहा कि पहले जब फ़ौजी को ट्रेन में कहीं जाना होता था तब टॉयलेट के पास बैठ कर सफर करना पड़ता था। अब घर से ही सैकिंड क्लास एसी की टिकट बुक हो जाती है। फौजी कहीं भी आराम से सफर कर सकता है। यह मोदी सरकार की देन है।
पूर्व सीएम ने कहा कि देश की 90 प्रतिशत आबादी गाँवों में रहती है। देश के विकास के लिए इस अधिकतर आबादी का विकास होना ज़रूरी है।
जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने लोग, बड़े बुजुर्ग यहां बैठे हैं, उन्होंने विकास होते हुए देखा है। 1998 से पहले इस क्षेत्र के हालात क्या थे उस से नई पीढ़ी अनभिज्ञ है, बच्चों को पता नहीं है, नई बहू को जानकारी नहीं है।क्योंकि इतिहास उनको पता नहीं है। नई पीढ़ी को यही लगता है यह विकास शुरू से ही यहीं था और ऐसे ही था। उन्होंने कहा कि इस विकास के लिए बुजुर्गों ने अपने पसीने बहाए हैं। उन्होंने कहा कि नई योजनाएं लाओ और उनको लागू करो। विकास को आगे बढ़ाओ लेकिन साथ में अपना पुराना इतिहास भी याद रखो।







