स्पेशल डेस्क: चैत्र नवरात्रि के पहले दिन ही भक्तों की भारी भीड़ मंदिरों में देखने को मिली। कोरोना महामारी की वजह से लगभग दो साल बाद मंदिरों में इतनी भीड़ देखने को मिली। हिमाचल के शक्तिपीठों में बाहरी राज्यों से भी श्रद्धालू मां के दर्शन करने पहुंचे।
बिलासपुर स्थित विश्वविख्यात शाक्तिपीठ श्री नैना देवी में धूमधाम से नवरात्र मेलों का आगाज हो गया है। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी में सुबह की आरती पूजा अर्चना के साथ माताजी के नवरात्रे शुरू हुए और आज प्रथम नवरात्र के उपलक्ष्य पर माता शैलपुत्री की पूजा की जा रही है।
मंदिर की भव्य सजावट का कार्य पंजाब की समाज सेवी संस्था के द्वारा किया गया है। पंजाब के लगभग 8 कारीगर लगातार मंदिर को सजाने का कार्य करते रहे। राज्य सरकार जिला प्रशासन और मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर क्षेत्र में लगभग 400 पुलिसकर्मी होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा मंदिर के अंदर 22 एक्स सर्विसमैन फौजी भी तैनात है। श्रद्धालुओं को लाइनों में ही माता के दर्शन के लिए भेजा जा रहा है।
सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर में नारियल और प्रसाद चढ़ाने की मनाही है। वहीं प्रदेश में लगी कोरोना बंदिशों को हटा दिया गया है, जिसके चलते अब मंदिरों में श्रद्धालुओं के लिए लंगर सेवाएं खोल दी गई है।


