शिमलाः हिमाचल प्रदेश के मैदानी जिलों में लू चलने के साथ अब पहाड़ भी तपने लगे हैं। मौसम विभाग ने कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन व सिरमौर जिले में लू चलने की चेतावनी दी है। केलंग और कल्पा में मार्च के अंतिम सप्ताह और अप्रैल के शुरू में न्यूनतम तापमान जहां जमाव बिंदु से नीचे रहता था, वह इस बार सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
कल्पा में अधिकतम तापमान 22.6, जबकि केलंग में 17.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यह सामान्य से आठ डिग्री तक अधिक है। मार्च में बारिश नहीं होने से प्रदेश में प्रचंड गर्मी पड़ रही है।
शिमला में इन दिनों सुबह-शाम मैदानी इलाकों से ज्यादा गर्मी पड़ रही है। शिमला का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री, जबकि भुंतर का 10.2, सोलन 10.8 और सुंदरनगर का 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार आठ अप्रैल तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।







