स्पेशल डेस्क: हिमाचल प्रदेश में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। जिला कांगड़ा के देहरा उपमंडल के तहत पुलिस चौकी डाडासीबा के दुरगाईं क्षेत्र में शनिवार देर रात अमृतसर से श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर कांगड़ा आ रहे श्रद्धालुओं से भरा टेंपो खाई में गिर गया। हादसे में 2 लोगों की मौत 17 लोग जख्मी हुए है।
घायलों को सिविल अस्पताल डाडासीबा में भर्ती करवाया है। पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार जब टेंपो कोटला बेहड़ के पास दुरगाईं पहुंचा तो चढ़ाई चढ़ते समय अचानक बैक हो गया। इस दौरान चालक टेंपो से नियंत्रण खो बैठा और हादसा हो गया। इस बाबत जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और इस बारे में पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
साथ ही स्थानीय लोगों ने निजी गाडिय़ों और एंबुलेंस से घायलों को सिविल अस्पताल डाडासीबा पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान एक श्रद्धालु की मौत हो गई। बताया जा रहा है गंभीर रूप से जख्मी हुए कुछ लोगों को डाक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज एवं अस्पताल टांडा में भर्ती करवाया है।







