शिमलाः हिमाचल प्रदेश कैडर के आईएएस (सेवानिवृत्त) तरुण कपूर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सलाहकार नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय की ओर से इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी गई है। दो वर्षों के लिए इनकी नियुक्ति की गई है। नवंबर 2021 में तरुण कपूर भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय से बतौर सचिव सेवानिवृत्त हुए थे।
वर्ष 1987 के आईएएस कैडर के अधिकारी तरुण कपूर राजधानी शिमला से संबंध रखते हैं। बीते कई वर्षों से यह भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति पर थे। प्रदेश सरकार में अतिरिक्त मुख्य सचिव ऊर्जा, वन, शहरी विकास जैसे विभागों में सेवाएं दे चुके हैं। उपायुक्त शिमला के पद पर भी तरुण कपूर सेवाएं दे चुके हैं। हिमाचल कैडर से पहली बार किसी आईएएस अधिकारी को प्रधानमंत्री के सलाहकार के पद पर नियुक्ति दी गई है।
तरुण कपूर के पिता हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड में सेवारत रहे। तरुण कपूर हिमाचल के चंबा और शिमला में बतौर उपायुक्त सेवाएं दे चुके हैं। शिमला में ही उनकी प्रारंभिक शिक्षा हुई है। हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रहने के दौरान तरुण कपूर ने सूबे में विद्युत उत्पादन में तेजी लाने के कई सार्थक प्रयास किए।







