शिमलाः हिमाचल प्रदेश पुलिस कॉन्सटेबल भर्ती की लिखित परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने के मामले में रविवार को चार और व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। डीजीपी संजय कुंडु ने बताया कि रविवार को इस केस में चार और आरोपियों को पकड़ा गया है। इससे पहले शनिवार को तीन आरोपियों को पकड़ा था। इस मामले में अब तक कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
डीजीपी के अनुसार रविवार को गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में पंजाब के विजय किशोर (47) और दिल्ली के नरिंदर कुमार (49) भी शामिल हैं। इन दोनों के अलावा कांगड़ा जिले के विशाल (23) और ऊना निवासी विपिन (35) को भी रविवार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार विशेष जांच दल वैज्ञानिक और पेशेवर तरीके से मामले की जांच कर रहा है।
तीन अभ्यर्थियों ने परीक्षा में 90 में से 70 अंक प्राप्त किए थे। जब इनके दस्तावेज जांचे गए तो 10वीं और 12वीं कक्षा में इनके औसत अंक थे। जिस पर शक होते ही पुलिस ने तीनों युवकों से पूछताछ की। हिमाचल पुलिस के साथ इस मामले में सीआईडी भी केस दर्ज कर चुकी है। सीआईडी ने आईपीसी की धारा 420 और 120 बी के तहत मामला दर्ज किया है।
बता दें कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मार्च में आयोजित पुलिस कॉन्सटेबल भर्ती की लिखित परीक्षा को छह मई को रद्द कर दिया था। उम्मीदवारों के फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद 27 मार्च को 1,700 कांस्टेबलों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। इनमें 932 पुरुष, 311 महिला कांस्टेबल, 91 पुरुष कांस्टेबल बतौर चालक पदों के लिए 5 अप्रैल 2022 को परिणाम घोषित हुआ।
पहले चरण में लिखित परीक्षा का आयोजन प्रदेश में निर्धारित 81 केंद्रों पर किया गया था। लिखित परीक्षा में कांस्टेबल पुरुष के पदों के लिए 60 हजार से अधिक और कांस्टेबल महिला पदों के लिए 14 हजार से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए थे।







