हमीरपुर: नवनियुक्त राज्यसभा सांसद डॉ. सिकन्दर कुमार अपने गृह जिला हमीरपुर के प्रवास पर पहुंचे।इस दौरान सिकंदर कुमार ने कार्यकर्त्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि जहां कांग्रेस में परिवार के कारण नेता बनते हैं, वहीं आरएसएस के विचार से जनित भाजपा में कार्यकर्ता मेहनत के दम पर नेता बनता है। उसी का उदाहरण आज देश के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर है। साथ ही उन्होंने कहा कि मेरे जैसे वंचित और गरीब परिवार के लड़के को राज्यसभा में मनोनीत कर अनुसूचित समाज का मान बढ़ाने का काम भी भाजपा ने ही किया है।
उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व और नीतियों के कारण भारत जल्द ही कांग्रेस मुक्त होगा। उन्होंने कहा यह भी कहा कि इसी कड़ी में वर्ष 2022 में हिमाचल में भी भाजपा कार्यकर्ताओं के दम पर मिशन रिपीट कर कांग्रेस मुक्त अभियान को आगे बढ़ाने का सफल कार्य करेगी।
सिकंदर ने कहा कि भाजपा एक ऐसा राजनैतिक दल है, जो सरकार और संगठन में हमारे समाज को उचित अधिमान देता है। साथ ही भाजपा ने अनुसूचित जाति समाज को वोट बैंक न मानकर एक समान आगे बढ़ने के अवसरों का भी सृजन किया। सिकंदर ने बताया कि संगठन के आदेश को स्वीकार कर भाजपा के समर्पित कार्यकर्त्ता के रूप में निर्णय को स्वीकार कर नौकरी छोड़कर संगठन काम के लिए अपने आपको आगे किया है।


