शिमला: बॉम्बे हाईकोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश अमजद ए सईद हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के 27वें मुख्य न्यायाधीश होंगे। सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने उनके नाम की सिफारिश की है।

21 जनवरी, 1961 को जन्मे न्यायाधीश सईद ने वर्ष 1984 में बॉम्बे यूनिवर्सिटी से कानून में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। वह बॉम्बे हाईकोर्ट में सहायक सरकारी वकील भी रहे। इन्होंने सरकार की ओर से मैंग्रोव, कचरा डंपिंग, चैरिटेबल अस्पतालों में गरीबों के लिए निशुल्क और रियायती चिकित्सा उपचार, जैव चिकित्सा अपशिष्ट और कुपोषण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से संबंधित जनहित मामलों में पैरवी की है। 25 मई को वर्तमान मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद रफीक 62 वर्ष की आयु पूरी होने पर सेवानिवृत्त हो रहे हैं। न्यायाधीश अमजद ए सईद 21 जनवरी, 2023 तक हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश के तौर पर अपनी सेवाएं देंगे।


