शिमलाः हिमाचल मंत्रिमंडल की अहम बैठक आज प्रदेश सचिवालय शिमला में होगी। इसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की जनसभाओं में की जा रही घोषणाओं को मंजूरी दी जा सकती है।
चुनावी वर्ष में CM जयराम ठाकुर कई जगह स्कूल व चिकित्सा संस्थान खोलने, इन्हें अपग्रेड करने, नई उप तहसील, तहसील इत्यादि खोलने की घोषणाएं कर रहे हैं। इन्हें ऑपरेशन बनाने के लिए कैबिनेट की मंजूरी अनिवार्य होती है।
मिली सूचना के मुताबिक, विभिन्न विभागों द्वारा 12 एजेंडा आइटम कैबिनेट बैठक के लिए भेजी जा चुकी हैं। इनमें शिक्षा विभाग में SMC शिक्षकों को प्रत्येक महीने एक-एक कैज़ुअल लीव देने, विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े पदों को भरने की मंजूरी मिल सकती है।
प्रदेश में लगभग 2500 SMC शिक्षक लंबे समय से सेवाएं दे रहे हैं। वर्तमान में इन्हें कैज़ुअल लीव नहीं देने का प्रावधान है। ऐसे में कैबिनेट से आज इन्हें साल में 12 कैज़ुअल लीव का तोहफ़ा मिल सकता है।
सूत्रों की मानें तो आज की बैठक में सरकारी बसों में महिलाओं को 50 फीसदी किराए को लेकर भी चर्चा हो सकती है, क्योंकि निजी बस ऑपरेटर 50 फीसदी किराए की अधिसूचना जारी करने पर कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट की चेतावनी दे चुके हैं।


