ऊनाः जिला का प्राचीन एवं ऐतिहासिक तीन दिवसीय पिपलू मेला पारंपरिक पूजा अर्चना एवं झंडा रस्म के साथ आरंभ हुआ। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यतिथि भाग लिया। जबकि राष्ट्रीय कामधेनु आयोग के अध्यक्ष बल्लभ भाई कथीरिया कार्यक्रम के अध्यक्ष रहे।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री रहे मौजूद
इस दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर और एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्रिहोत्री बतौर विशेष अतिथि के रूप में पिपलू मेला के शुभारंभ अवसर पर मौजूद रहे। अनुराग ठाकुर ने भगवान नरसिंह के मंदिर में पूजा अर्चना की और झंडा रस्म अदा करने की। साथ ही शोभा यात्रा भी निकाली गई।
कार्यक्रम में स्मारिका का विमोचन
कार्यक्रम में स्मारिका का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर मुख्यतिथि ने विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनियों तथा खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ भी किया गया। इससे पहले पारंपरिक ढ़ोल-नगाडों, पारंपरिक वाद्ययंत्रों एवं बैंड-बाजों के साथ मेला कमेटी ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
अनुराग ठाकुर ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने जिला स्तरीय ऐतिहासिक पिपलू मेला की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मेला कांगडा, हमीरपुर तथा ऊना जिलों के धार्मिक के साथ-साथ सांस्कृतिक मिलन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस मेले में लोग पूरी आस्था के साथ भगवान नरसिंह के चरणों में शीश नवाने पहुंचते हैं और अपनी मनोकामनाओं को पूर्ण करते हैं।







