नाहनः जिला सिरमौर में पहली बार हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बनने के बाद पहुंची प्रतिभा सिंह गुटबाजी देखकर इतनी नाराज हुईं कि उन्होंने मंच से जिला के किसी भी नेता को भाषण देने का मौका तक नहीं दिया। पंडाल और मंच में अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष इकबाल मोहम्मद चौधरी और प्रदेश कांग्रेस महासचिव सोलंकी के समर्थक अलग-अलग गुटबाजी, नारेबाजी और धक्का-मुक्की करते नजर आए। जिससे नाराज हुई प्रतिभा सिंह स्वागत के बाद सीधे ही मंच पर भाषण देने आ गईं।
प्रतिभा सिंह ने कहा, ‘यहां पर गर्मी काफी ज्यादा है। आप लोग काफी देर से मेरी प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसलिए मैं आप लोगों को और इंतजार नहीं करवाऊंगी। नारों से कोई भी कार्यकर्ता नेता नहीं बनता है। कार्यकर्ता अपने काम से नेता बनते हैं। सिरमौर के सभी लोग सम्माननीय हैं। बोलने को तो बहुत कुछ है, मगर यहां पर गर्मी बहुत ज्यादा है। सोनिया गांधी ने एक महिला पर विश्वास जताया है, जिस पर मैं हर हाल में खरा उतरूंगी। सोनिया गांधी ने ही एक महिला को राष्ट्रपति बनाया था।’
बता दें कि रविवार को मंडी की सांसद एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह पहली बार जिला सिरमौर के दौरे पर पहुंची थीं। नाहन के सैनवाला में मंच पर पहुंचते ही प्रतिभा सिंह के सामने कांग्रेस की गुटबाजी खुल के सामने आ गई। पिछले कुछ दिनों से सिरमौर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कंवर अजय बहादुर से नाराज चल रहे शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान लोगों के बीच दरी पर बैठ गए। जिस पर रानी प्रतिभा सिंह ने कहा कि यह सिरमौर की संस्कृति नहीं है। हर्ष वर्धन चौहान आप मंच पर आ जाएं। कई बार रानी प्रतिभा सिंह के कहने पर भी वह नहीं आए, तो प्रतिभा ने कहा कि वह भी नीचे ही आ जाती हैं। वह भी आपके साथ दरी पर बैठ जाएंगी। उसके बाद हर्षवर्धन चौहान मंच पर आए और उन्होंने कंवर अजय बहादुर सिंह के साथ बैठने से मना कर दिया, फिर प्रतिभा सिंह ने उन्हें अपने साथ मंच पर बिठाया।







