चंडीगढ़ : जिले की 19 वर्षीय युवती के चंडीगढ़ में आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवती चंडीगढ़ में नीट की तैयारी कर रही थी।बता दें कि मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में घटना के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक 19 साल की शगुन चंडीगढ़ सेक्टर-45 में एक मकान में रहती थी। उसके माता-पिता हिमाचल के कांगड़ा स्थित हारसीपत्तन अपने घर गए हुए थे। मंगलवार को युवती के चाचा-चाची ने जब उसे फोन किया तो युवती ने फोन नहीं उठाया। जिसके बाद देर रात घटना की जानकारी मिली। युवती के चाचा चंडीगढ़ में ही रहते हैं। चाचा ने घर आकर घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और माता-पिता को दी। पुलिस ने फंदे से उतारकर 19 वर्षीय शगुन को जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया। यहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्राथमिक जांच में कमरे के अंदर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। युवती के माता-पिता के अलावा एक बड़ा भाई है। शगुन के माता-पिता अपने घर कांगड़ा गए थे और सोमवार शाम उसका भाई कॉल सेंटर में ड्यूटी के लिए गया था। सेक्टर-44 में रहने वाले चाचा-चाची ने शगुन को कई बार काल किया। जब जवाब नहीं मिला तो 9.30 बजे चाचा युवती के कमरे में गए। कमरे के बाहर से कई बार आवाज लगाई, लेकिन जवाब नहीं मिला।
पुलिस की माने तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो शगुन पंखे के सहारे फंदे पर लटकी हुई थी। इसके बाद उसके माता-पिता और पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले शगुन अपने चाचा के घर भी गई थी।







