कांगड़ा : देहरा के अंतर्गत गांव हार मिटा में धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। जहां व्यक्ति 30 लाख की ठगी का शिकार हुआ है। जानकारी के अनुसार दौलत सिंह और रणजीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी कर्म सिंह, साहिल, सुरेंद्र, अनिल और एसके सरफराज ने उनसे पेट्रोल पंप की डीलरशिप दिलवाने की बात कही।
कर्म सिंह ने उनसे कहा कि उसे इंडियन ऑयल का पेट्रोल पंप खोलने के लिए आधिकारिक तौर पर कंपनी की ओर से नियुक्त किया गया है। उसने पीड़ित से कहा कि वह अपने इलाके में पेट्रोल पंप खुलवा सकता है और अधिक मुनाफा कमा सकता है। पेट्रोल पंप की डीलरशिप के लिए वह उसे लाइसेंस दिलवा सकता है।
आरोपी को पीड़ित व्यक्ति काफी समय से जानता था जिसके चलते उसने उस पर विश्वास कर लिया और सभी दस्तावेज उसे दे दिए। इस दौरान आरोपियों ने करीब 30 लाख रुपये हड़प लिए। काफी समय तक जब पेट्रोल पंप स्थापित नहीं हुआ तो आरोपी उसके साथ आनाकानी करने लगे। इस पर शिकायतकर्ताओं को शक हुआ और इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई।

