शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पानी के बाद अब पेट्रोल और डीजल का भी संकट पैदा हो गया है। पानी को तरस रहे लोगों को अब पेट्रोल और डीजल भी नहीं मिल रहा है और कई पेट्रोल पंप खाली हैं। तेल कंपनियों की तरफ से इस संकट के पीछे आपूर्ति कम होना वजह बताई गई है। ये भी माना जा रहा है कि तेल कंपनियां सरकार दबाव बनाने के लिए कम सप्लाई कर रही हैं। क्योंकि उनका कहना है कि हाल ही में तेल की कीमतें कम होने से उन्हें काफी नुकसान हो रहा है।
शिमला में कई जगह पेट्रोल की कमी
तेल कंपनियों की तरफ से आपूर्ति कम करने से शिमला में कई जगह पेट्रोल की कमी है। कई पंप पर तीसरे दिन पेट्रोल का टैंकर मिल रहा है। इससे अब गाड़ियों की टंकी पूरी नहीं भरी जा रही है।
इस समस्या से लोग काफी परेशान हैं। कोई रूस-युक्रेन युद्ध को कारण मान रहा है, तो कुछ लोगों का कहना है कि कम्पनियां जानबूझकर सरकार पर दबाव बनाने के लिए कम सप्लाई भेज रही हैं। अगर किसी को ज्यादा लम्बा सफर करना हो तो 1000 रुपये के पेट्रोल में वो नहीं पहुंच पाएगा। बता दें कि शिमला शहर में कुल 12 पेट्रोल पंप हैं और बीते मंगलवार को 7 पंपों पर तेल खत्म हो गया था।
शिमला में पानी का संकट
हिमाचल की राजधानी शिमला पानी को लेकर भी संकट है। शिमला के कई इलाकों में तीसरे से चौथे दिन पानी की सप्लाई आ रही है। कई जगह टैंकरों से पानी भेजा जा रहा है। मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया है और सरकार और अफसरों को कोर्ट ने फटकार लगाई है। शिमला में 2018 जैसे हालात बन गए हैं।

